जबलपुर, जबलपुर के रांझी गोकलपुर क्षेत्र में रविवार देर रात एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जहां हाई टेंशन तार की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। युवक के हाई टेंशन तार की चपेट में आते ही एक जोरदार ब्लास्ट हुआ और उसके बाद युवक देखते ही देखते पूरी तरह जलकर राख हो गया। तेज धमाके जैसी आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दौड़कर घटना स्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक युवक बुरी तरह जल चुका था।
बिल्डिंग के ऊपर से गुजर रही थी हाई टेंशन तार।
रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने बताया कि, गोकलपुर निवासी शिवप्रसाद पटेल का लोअर बनाने का कारखाना है जो कि, डेंटल हाउस बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर चलता है। जहां बिलहरी निवासीमृतक संजय कुमार काम करता था। रविवार रात करीब 11 बजे संजय कारखाने की छत पर गया था। इसी दौरान अचानक छत पर बंदरों का झुंड आ गया। संजय उन्हें भगाने की कोशिश कर रहा था, तभी वह छत के ऊपर से करीब से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से टच हो गया। करंट लगते ही लाइन में जोरदार धमाका हुआ, जिसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग घबरा गए और मौके की ओर दौड़ पड़े, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी, लोगों ने हादसे की सूचना तत्काल रांझी पुलिस को दी।
खतरे की घंटी है हाई टेंशन लाइन।
रांझी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला कायम कर जांच शुरू कर दी है। देर रात तक अधिकारी मौके का निरीक्षण करते रहे और घटना के कारणों की विस्तार से जांच की जा रही है। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। पुलिस को पीएम रिपोर्ट आने का इंतजार है। स्थानीय लोगों ने बताया कि, क्षेत्र में ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइनें कई बार खतरा पैदा करती हैं, इसके पहले भी कई हादसे हो चुके हैं।

