बदमाश बनने की चाहत ने पहुंचा दिया थाने, फिर पुलिस ने किया कुछ ऐसा सुलूक…

News Desk
2 Min Read

जबलपुर। जबलपुर में सोशल मीडिया पर चाकू लहराकर दबंगई दिखाना एक युवक को भारी पड़ गया। इंस्टाग्राम पर वायरल हुए वीडियो में युवक खुलेआम चाकू दिखाते हुए अपनी हेकड़ी बघार रहा था। वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई और युवक की तलाश शुरू कर दी। मामला जबलपुर के रांझी थाना क्षेत्र का है पुलिस ने जब जांच शुरू की तो आरोपी की पहचान आदित्य ठाकुर के रूप में हुई। आरोपी ने इंस्टाग्राम पर चाकू हाथ में लेकर वीडियो पोस्ट किया था।

जिसमें वह फिल्मी अंदाज में खुद को खतरनाक बताने की कोशिश कर रहा था। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद रांझी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को चाकू सहित गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने युवक को सख्त फटकार लगाई और सार्वजनिक रूप से कान पकड़कर उठक-बैठक लगवाई। पुलिस के सामने युवक ने दोबारा ऐसा न करने और कभी चाकू न रखने की कसम भी खाई। वहीं, उसका माफी मांगते हुए वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर इस तरह का हथियार दिखाकर वीडियो बनाना न केवल अपराध है, बल्कि समाज में गलत संदेश भी फैलाता है। इस तरह की हरकत करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। फिलहाल आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच की जा रही है”उमेश गोल्हानी (थाना प्रभारी, रांझी)

 

Share This Article
Leave a review