सीएम डॉ मोहन यादव ने गोपाल मंदिर का किया निरीक्षण, बोले हर जिले में विकसित किए जाएंगे गीता भवन

News Desk
2 Min Read

इंदौर:मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को इंदौर के ऐतिहासिक और धार्मिक धरोहर गोपाल मंदिर का न केवल निरीक्षण किया, बल्कि मंदिर में पूजा-अर्चना भी की। मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों का जायजा भी लिया। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर में नवनिर्मित सभागृह को “गीता भवन” के रूप में विकसित किया गया है। गीता जयंती के अवसर पर इसे एक दिसंबर को जनता को समर्पित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह सभागृह 500 सीट का रहेगा। इसमें सभी अत्याधुनिक सुविधाएं रहेंगी। यह सभागृह धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व का केन्द्र बनेगा।

सीएम ने बच्चों को किया दुलार।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गोपाल मंदिर में बच्चों को दुलार किया और आसपास के दुकानदारों से भी चर्चा की। मुख्यमंत्री ने पूरे मंदिर परिसर में चल रहे विकास कार्यों और जीर्णोद्धार के कार्यों को देखा। उन्होंने निर्देश दिए कि मंदिर को अपने प्राचीन तथा गौरवशाली स्वरूप में पुनर्स्थापित किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश शासन द्वारा निर्णय लिया गया है कि, गीता जयंती पर पूरे मध्यप्रदेश में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। हर जिले में गीता भवन विकसित किए जाएंगे ताकि धार्मिक, सांस्कृतिक और अध्यात्मिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके।

लाड़ली बहनों और स्वच्छता दीदियों ने जताया आभार

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का शुक्रवार को इंदौर में लाड़ली बहनों और स्वच्छता दीदियों ने पुष्प-गुच्छ और पुष्प-मालाओं से स्वागत किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव का लाड़ली बहनों ने उन्हें हर माह 1500 रुपये दिए जाने और स्वच्छता दीदियों के लिए नगर निगम के माध्यम से अनेक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आभार जताया।

इंदौर के प्रसिद्ध पोहे का लिया आनंद

मुख्यमंत्री ने इंदौर के राजवाड़ा के एक रेस्टोरेंट में मौजूद लोगों से चर्चा की। उन्होंने इंदौर के प्रसिद्ध पोहे का आनंद भी लिया।

Share This Article
Leave a review