विजय नगर चौपाटी पर चला बुलडोजर: कार्रवाई के खिलाफ व्यापारियों का प्रदर्शन, बिना नोटिस के कार्रवाई करने का आरोप

News Desk
2 Min Read

जबलपुर। जबलपुर के विजय नगर में वर्षों से जमी चौपाटी पर नगर निगम का बुलडोजर चलने से व्यापारी वर्ग में नाराज़गी फैल गई है। शुक्रवार को नगर निगम की टीम ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के तहत चौपाटी से ठेले और टपरे हटवा दिए। निगम अधिकारियों का कहना है कि यह जगह सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा कर बनायी गई थी, इसलिए कार्रवाई की गई वहीं दूसरी ओर, विजय नगर चौपाटी संघ और व्यापारियों ने इस कार्रवाई का विरोध किया है। उनका कहना है कि चौपाटी पूर्व महापौर के आवंटन के बाद लगाई गई थी और पिछले कई सालों से यहां सैकड़ों लोग अपनी रोज़ी–रोटी कमा रहे थे। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि निगम ने बिना किसी पूर्व नोटिस के त्योहार के ठीक पहले कार्रवाई की, जिससे उनका व्यवसाय ठप पड़ गया है। संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि वे अतिक्रमण के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन अगर चौपाटी हटानी थी तो उन्हें वैकल्पिक स्थान आवंटित किया जाना चाहिए था। उन्होंने मांग की है कि प्रशासन जल्द ही दूसरी जगह चौपाटी लगाने की अनुमति दे, ताकि छोटे कारोबारियों का रोजगार बचा रहे। वहीं नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कार्रवाई नियमों के तहत की गई है और किसी भी अवैध कब्जे को बख्शा नहीं जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने यह भी संकेत दिए कि इच्छुक व्यापारियों को नियमानुसार वैकल्पिक स्थान देने पर विचार किया जा सकता है। वहीं मामला अब प्रशासन और व्यापारियों के बीच बातचीत से सुलझने गया है।

Share This Article
Leave a review